
रायपुर, 19 नवंबर 2026 :छत्तीसगढ़ के सुदूर वनांचल अबूझमाड़ में सुशासन की नई तस्वीर उभर रही है। कभी आवश्यक दस्तावेज बनवाने और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए लंबी दूरी तय करने वाले ग्रामीणों को अब उनके गांव के नजदीक ही विभिन्न शासकीय सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में नारायणपुर जिला प्रशासन की सुशासन एक्सप्रेस पहल ग्रामीणों के लिए सुविधा और राहत का प्रभावी माध्यम बन रही है। इस पहल से भौगोलिक विषमताओं और आवागमन की कठिनाइयों के बीच रहने वाले ग्रामीणों को शासकीय सेवाओं का लाभ सुगमता से मिल रहा है।
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के दूरस्थ एवं पहुंचविहीन क्षेत्रों में सुशासन एक्सप्रेस शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में अबूझमाड़ के ग्राम गोमे और कोंगे में आयोजित शिविरों में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। दोनों शिविरों में प्राप्त कुल 39 आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण किया गया।
कोंगे में 21 और गोमे में 18 आवेदनों का हुआ निराकरण
ग्राम कोंगे में आयोजित शिविर में आधार कार्ड से संबंधित 10, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के 7, निर्वाचन संबंधी फॉर्म-6 के 3 तथा बैंक खाते से संबंधित एक आवेदन प्राप्त हुआ। इस प्रकार यहां कुल 21 आवेदनों का निराकरण किया गया। इसी तरह ग्राम गोमे में आधार कार्ड के 12, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के 3, निर्वाचन संबंधी फॉर्म-6 के 2 तथा बैंक खाते से संबंधित एक आवेदन सहित कुल 18 आवेदनों का निराकरण किया गया। शिविरों में एक ही स्थान पर समस्याओं का समाधान मिलने से ग्रामीणों को अलग-अलग शासकीय कार्यालयों तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।
एक ही शिविर में अनेक सुविधाएं, ग्रामीणों के समय और श्रम की बचत
सुशासन एक्सप्रेस शिविरों की विशेषता यह है कि ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविरों में आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड निर्माण एवं अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट, श्रम कार्ड, पेंशन, राशन कार्ड, किसान कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और कृषि ई-केवाईसी जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
इसके अतिरिक्त आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, ऋण पुस्तिका, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, लर्निंग लाइसेंस, हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट, दिव्यांगता सर्वेक्षण, निर्वाचन संबंधी आवेदन, नवीन ऋण धनादेश वितरण, कृषि यंत्रों से संबंधित सेवाएं, अतिक्रमण संबंधी आवेदन, स्वास्थ्य सुविधाएं और बैंक खाता खोलने जैसी सेवाओं का लाभ भी ग्रामीणों तक पहुंचाया जा रहा है।
दुर्गम वनांचल में दस्तावेजों की बाधा दूर करने की सार्थक पहल
अबूझमाड़ की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण अनेक ग्रामीणों को आवश्यक दस्तावेज बनवाने और शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे क्षेत्रों में सुशासन एक्सप्रेस शिविरों के माध्यम से प्रशासन स्वयं ग्रामीणों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है।
विशेष रूप से आधार कार्ड और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेजों से वंचित ग्रामीणों के साथ आश्रमों एवं छात्रावासों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को भी इस पहल से लाभ मिल रहा है। आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होने से ग्रामीणों के लिए विभिन्न शासकीय योजनाओं और सुविधाओं का लाभ प्राप्त करना अधिक सुगम हो रहा है।
जाटलूर और कुड़मेल सहित अन्य दूरस्थ गांवों तक पहुंचेगी सुशासन एक्सप्रेस
जिला प्रशासन द्वारा सुशासन एक्सप्रेस का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। वर्तमान में जाटलूर और कुड़मेल में भी शिविरों का आयोजन जारी है। आगामी दिनों में लंका, भटवाड़ा (भैरमगढ़), चेरपाल और तुमनार सहित अन्य दूरस्थ क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों से संबंधित ग्रामों के साथ आसपास के गांवों के ग्रामीणों को भी विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ मिलेगा।
सुशासन एक्सप्रेस की यह पहल प्रशासनिक सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने के साथ शासन और ग्रामीणों के बीच की दूरी कम करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। अबूझमाड़ जैसे दुर्गम अंचल में गांव-गांव पहुंचकर समस्याओं का समाधान करना इस बात का उदाहरण है कि सुशासन का वास्तविक उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम छोर पर बसे प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है।