
रायपुर, 17 सितंबर 2026 : सेवा संकल्प अभियान के प्रथम दिवस जशपुर जिले में ‘आशीर्वाद का एक दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, सहभागिता और संकल्प का संदेश शहर से गांव तक पहुंचा। गुरुवार शाम 7 बजे जिले में 5 लाख दीप प्रज्वलित करने के लक्ष्य के साथ आयोजित कार्यक्रम में रणजीता स्टेडियम सहित प्रमुख चौक-चौराहे दीपों की रोशनी से जगमगा उठे।
रणजीता स्टेडियम, गौरव पथ, महाराजा चौक, दिलीप सिंह जूदेव प्रतिमा चौक और बिरसा मुंडा चौक सहित विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने ‘आशीर्वाद का एक दीया’ प्रज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान में सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, सहित जनप्रतिनिधिगण कलेक्टर श्री रोहित व्यास सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
विकासखंडों और ग्राम पंचायतों तक पहुंची दीपों की रोशनी
‘आशीर्वाद का एक दीया’ कार्यक्रम का आयोजन जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा। जिले के सभी विकासखंडों, नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में भी नागरिकों ने उत्साहपूर्वक दीप प्रज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से लेकर गांवों तक दीपों की रोशनी ने अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप दिया।
1.40 लाख से अधिक महिलाओं ने घरों में जलाया दीप
जिले के स्व-सहायता समूहों से जुड़ी 1 लाख 40 हजार से अधिक महिला सदस्यों ने अपने घरों में ‘आशीर्वाद का एक दीया’ जलाकर अभियान में सहभागिता निभाई। जिले में 12 हजार से अधिक स्व-सहायता समूह सक्रिय हैं। कृषि सखी, पशु सखी, मुद्रा लोन सहित विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़ी महिलाओं की सहभागिता ने अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया।
सेवा भावना और जनभागीदारी को मिलेगा विस्तार
कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत/2047 के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न जनभागीदारी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
अभियान के तहत स्कूली बच्चों के लिए भाषण, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिताएं, पौधरोपण, स्वच्छता जागरूकता, जिला प्रदर्शनी, सफलता की कहानियां, सड़क सुरक्षा सप्ताह, बाइक रैली, रक्तदान शिविर, नशामुक्ति अभियान और मतदाता जागरूकता सहित अनेक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।